रामबन के बनिहाल में आईआईटी का दौरा करते प्रमुख सचिव
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. असगर हसन समून ने वीरवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बनिहाल का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने चंद्रकोट में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज रामबन के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर डीसी रामबन मुसरत इस्लाम, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा जम्मू फारूक अहमद खान, प्रधान पॉलिटेक्निक कॉलेज रामबन सुकेत गुप्ता, आदि उपस्थित थे। पॉलीटेक्निक कॉलेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद प्रमुख सचिव ने निर्माण एजेंसियों और कॉलेज के प्राचार्य को नए भवन में कक्षा शुरू करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर अकादमिक ब्लॉक के निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संस्था के लिए बिजली और पानी की आपूर्ति की योजना की भी समीक्षा की। बताया गया कि संस्था की पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक कुआं बनाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य को छात्राओं और छात्रों दोनों के लिए छात्रावास और बस सुविधा का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिले के सभी तकनीकी संस्थानों के कर्मचारियों की स्थिति की भी समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने प्रवेश प्रक्रिया पर विचार करते हुए वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सौ प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया।