दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए सर्च आपरेशन के दौरान हिंसक प्रदर्शन हुए। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान छह से अधिक लोग घायल हो गए।
सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर बुधवार को 53 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने जिले के न्यू कालोनी रोहमू की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान इलाके में हिज्ब के आतंकी समीर टाइगर के फंसे होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद स्थानीय युवा सड़कों पर उतर आए और ऑपरेशन में खलल डालने की कोशिश करने लगे। बताया जाता है कि उन्होंने जवानों पर पत्थर बरसाते हुए अन्य से घरों से निकलने की अपील भी की।
देखते ही देखते उग्र प्रदर्शन होने लगे। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। यह भिड़ंत कई घंटे तक जारी रही। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनों के बावजूद भी सुरक्षाबलों ने आपरेशन जारी रखा। आतंकियों की मौजूदगी न होने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया।