राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष पीडीपी के सीनियर नेता और बीजबिहाड़ा से विधायक अब्दुल रहमान वीरी बन सकते हैं। अनंतनाग से पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह पद रिक्त है।
आगामी 25 अगस्त से प्रस्तावित राज्य विधानसभा के सत्र में वीरी द्वारा इस जिम्मेदारी को संभाला जाना तय माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक इस पद के लिए पीडीपी के नेता और विधायक मौलवी इफ्तिखार हुसैन अंसारी को भी दावेदार माना जा रहा है, लेकिन उनके अस्वस्थ होने की वजह से वीरी को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
इसके अलावा पीडीपी के सीनियर नेता और विधायकों में पूर्व डिप्टी सीएम मुजफ्फर हुसैन बेग भी थे, लेकिन पीडीपी की टिकट पर वह भी बारामुला लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हो गए थे।
इस स्थिति के मद्देनजर अब नेता विपक्ष की जिम्मेदारी अब्दुल रहमान वीरी को मिलना तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि विधानसभा के आगामी सत्र से पूर्व पीडीपी विधायक दल की बैठक में पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती इस फैसले का ऐलान करेंगी।
इस संबंध में वीरी का कहना है कि अभी तक उन्हें पार्टी की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। गौरतलब है कि लगातार तीन दफा बीजविहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए अब्दुल रहमान वीरी पीडीपी-कांग्रेस की साझा सरकार के दौरान गृह राज्य मंत्री भी रहे हैं।
पीडीपी के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद के वफादार और खासमखास लोगों में वीरी शुमार हैं। सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी का विधायक दल सबसे बड़ा है।