नेकां अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कठुआ बलात्कार हत्याकांड को सांप्रदायिक और राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। तिरंगे की आड़ में दोषियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गुपकार में पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए फारूक ने कहा कि क्षेत्रीय सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने के साथ कठुआ में बलात्कार हत्याकांड के आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।
दूसरे राज्यों में कश्मीरी विद्यार्थियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं अफसोसजनक हैं। उन्होंने गांदरबल जिला के शिष्टमंडल से मुलाकात में भरोसा दिलाया कि गांदरबल से सेंट्रल यूनिवर्सिटी को शिफ्ट करने के मुद्दे पर केंद्र सरकार से बात करेंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने भी कठुआ बलात्कार कांड के आरोपियों को समर्थन करने वालों को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समाज के दुश्मन तत्वों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए।
पीडीपी के महासचिव जम्मू वेद महाजन ने कहा कि बलात्कारी को छोड़ने की मांग पर तिरंगे लहराने से राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है। यह हत्याकांड मानवता के खिलाफ है और इसमें दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाए।