भद्रवाह। जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत डोडा जिले में दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय पेट्रोलियम, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। जम्मू में ईएसआईसी अस्पताल को 50 बेड से अपग्रेड कर 100 बेड क्षमता का किया जाएगा। वहीं बडगाम के ओमपोरा में 160 करोड़ रुपये की लागत से ईएसआईसी अस्पताल बनाया जाएगा। यह श्रीनगर और बडगाम जिलों के केंद्र में स्थापित होगा, जिससे दोनों जिलों को फायदा होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण किया जा रहा है, जिसमें श्रमिकों को निशुल्क दो लाख रुपये का बीमा कवर दिया जा रहा है।
शुक्रवार को भद्रवाह पहुंचे तेली ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बीपीएल परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख गैस कनेक्शन दिए गए हैं। सरकार प्रदेश की जनता के प्रति विशेष प्राथमिकता से काम कर रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री विश्वविद्यालय कैंपस के सभागार में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कोरोना योद्धा, साहित्यकार, प्रगतिशील किसान, नवोदित खिलाड़ी, मेधावी छात्रों, कलाकारों सहित 75 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर स्कूली बच्चों और जम्मू-कश्मीर कला संस्कृति और भाषा अकादमी की ओर से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया।