पौनी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पौनी 55 साल से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रहा है, लेकिन आज भी कई खामियां है जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसलिए पीएचसी पौनी को अपग्रेड किया जाए। यह मांग स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों के समक्ष उठाई है।
बुधवार को साप्ताहिक ब्लॉक दिवस के अवसर पर पौनी में कार्यक्रम हुआ। इसमें डीसी अजय कुमार शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों ने पीएचसी पौनी को अपग्रेड करने की मांग की। लोगों ने बताया कि पीएचसी पर कई गांवों के लोग निर्भर हैं, लेकिन आज भी अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। प्राथमिक उपचार के बाद मामलों को रेफर कर दिया जाता है।
इसके साथ ही पौनी से कुंड, खनयाड़ी, मता मार्ग की हालत सुधारने की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी शुरू हो गई है, जिस कारण दिक्कत और बढ़ने वाली है। लोगों ने कहा कि ब्लॉक दिवस की जानकारी सरपंचों-पंचों के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को भी देने की मांग की। डीसी ने जनप्रतिनिधियों को जिला प्रशासन के साथ तालमेल बना कर काम करने को कहा। लोगों की समस्याओं का हल करने के लिए जमीनी स्तर पर कदम उठाने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीडीसी चेयरमैन पवन बनाथिया, डीडीसी सदस्य रीता देवी, एडीसी राजेंद्र शर्मा, एसीआर संजय बड़याल आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।