यौन शोषण के खिलाफ जम्मू यूनिवर्सिटी में गठित कमेटी अंगेस्ट सेक्सुअल ह्रासमेंट (कैश) की ओर से अपनी सक्रियता दिखाई जाने लगी है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देश पर यौन शोषण के खिलाफ गठित कमेटी कैश यूनिवर्सिटी कैंपस के महत्वपूर्ण स्थलों पर पंपलेटों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक कर रही है।
जबकि यूनिवर्सिटी गेट के सामने फ्लैक्स बोर्ड भी लगवाया गया है, ताकि यौन शोषण के खिलाफ विद्यार्थियों को जागरूकता हासिल हो सके। जानकारी के मुताबिक कैश कमेटी के पास जुलाई से पहले आए एक यौन शोषण मामले का निपटारा किया गया, जबकि जुलाई के बाद अब तक दो यौन शोषण के मामले लंबिंत हैं, जिनके बारे में जांच-पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि ये दोनों यौन शोषण के मामले जुलाई के बाद के हैं।
जागरूक किया जा रहा
जम्मू यूनिवर्सिटी में गठित कैश कमेटी द्वारा सेमेस्टर के आरंभ में ओरिएंटेंशन प्रोग्राम, लेक्चर प्रोग्राम के माध्यम से यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को जागरूक किया जाता है। हर तीन माह बाद हास्टल, गेस्ट हाउस, यूनिवर्सिटी मेन गेट और हर डिपार्टमेंट में कैश की ओर से पंपलेट्स बांटे जाते हैं या कैश कमेटी की मेर्ल आईडी या टेलीफोन नंबर पर शिकायतें दर्ज कराए जाने की सुविधा है।
कैश कमेटी में करीब 15 सदस्य हैं। यूनिवर्सिटी के कोई भी विद्यार्थी, सर्विसमैन, एकेडमिक या नान टीचिंग स्टाफ जम्मू यूनिवर्सिटी के कैश के दफ्तर में यौन शोषण के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
दो मामलों की जांच चल रही-
कैश कमेटी प्रमुख सतनाम कौर का कहना है कि जम्मू यूनिवर्सिटी में वर्ष-2009 में यौन शोषण के खिलाफ कमेटी का गठन किया गया था, जबकि वह वर्ष-2013 से इस कमेटी के प्रमुख के रूप में कार्य कर रही हैं। अब तक तीन मामलों में से एक का निपटारा किया गया है, जबकि दो की जांच-पड़ताल जारी है। यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं खत्म होने पर जनवरी या फरवरी में फिर से विद्यार्थियों को इसको लेकर जागरूक किया जाएगा।