मढ़ उप जिला अस्पताल में पिछले छह दिनों से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। अस्पताल पहले से ही बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। ऐसे में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हो जाने से लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की मांग की है।
करलूप के सरपंच हरजीत सिंह का कहना है कि बुधवार को यह मशीन खराब हो गई थी। इसे आज तक न तो बदला गया और न ही ठीक किया गया। अस्पताल में मरीजों को सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। हलका पंचायत के चेयरमैन गुलाब सिंह ने कहा कि वह अपने परिचित का अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाने गए थे।
वहां पहुंचने पर पता चला कि छह दिनों से मशीन खराब है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अल्ट्रासाउंड मशीन को ठीक करने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय स्थित यूनिट को जानकारी दे दी गई है। अगले दो दिन में मशीन ठीक हो जाएगी।