घाटी में सीजफायर की समाप्ति के बाद सुरक्षा बलों ने सख्ती शुरू कर दी है। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने जैश के दो आतंकियों को मार गिराया। ऑपरेशन फिलहाल जारी है। यहां सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को घेरा था, जिसमें दो मुठभेड़ में मार गिराए गए। डीजीपी डा. एसपी वैद ने ट्वीट कर दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
पुलवामा जिले के हयाना त्राल में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेरेबंदी व तलाशी अभियान (कासो) शुरू किया। इस बीच घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। फायरिंग होते ही सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इसमें दो आतंकी मार गिराए गए। डीजीपी डॉ. एसपी वैद ने आपरेशन में लगे जवानों को बधाई दी है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है।
उधर, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने एक सब्जी विक्रेता को गोली मारकर घायल कर दिया। इसकी शिनाख्त श्रीगूफ्वारा के जावेद अहमद वाजा को दोपहर बाद गोली मारी। घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अल्ताफ खान ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।