श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग के करीब जिले के चंदकूट इलाके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए टेरर फंडिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। इनके पास से 45 हजार रुपये की नकली करेंसी भी बरामद की गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों से पूछताछ के दौरान यह बात पता चली है कि यह नकली मुद्रा बांग्लादेश से कश्मीर लाई जाती थी और इस मुद्रा को असली में बदल कर आतंकी संगठन लश्कर की फंडिंग होती थी।
इसके अलावा उन्होंने यह जानकारी भी दी कि इस मुद्रा से जिले के पट्टन इलाके में लश्कर के एक नए टेरर मॉड्यूल का गठन किया जाना था लेकिन उससे पहले दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की पहचान मुश्ताक अहमद और एजाज अहमद के तौर पर हुई है।