जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने बुधवार को दो आतंकियों को गिरफ्त में किया। पुलिस सूत्रों कि माने तो दोनों आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन के बताएं जा रहे हैं। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद हुआ है। सूत्रों कि माने तो वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि भरोसेमंद सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अवंतिपुरा क्षेत्र के पंजगाम में एक नाके से उन्हें गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों ने जांच के दौरान यूबीजीएल, ग्रेनेड और गोलियां और दोष सिद्ध करने वाली अन्य सामग्री सहित उनके पास से हथियार और गोला बारूद बरामद किया।’’
प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों की पहचान जैन मोहम्मद शेख और नासिर-उल-इस्लाम के तौर पर हुई और दोनों ही हिजबुल मुजाहिदीन से संबद्ध हैं। कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।