पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर वुल्लर वेंटेज अरागम के पास चेकिंग अभियान शुरू किया गया था। वाहनों की तलाशी और उनके बारे में जानकारी लेने पर दो लोग संदिग्ध हरकत करते दिखे। कड़ी पूछताछ के बाद उनसे आपत्तिजनक सामान मिला।
उत्तरी कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन के दो हाइब्रिड आतंकियों और लश्कर के एक मददगार को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों के बांदीपोरा से श्रीनगर की तरफ बढ़ने की सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने वुल्लर वेंटेज के पास नाका लगाकर जांच शुरू की। इस दौरान कार सवार दो संदिग्धों ने नाके से भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
इनकी पहचान पुलवामा के हेरपोरा अचान निवासी आबिद अली और फैसल हसन पररे के रूप में हुई है। उनके पास से एक एके 47 राइफल, दो मैगजीन के साथ 30 कारतूस, एक पिस्तौल, समेत अन्य हथियार बरामद किया गया। आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार बारामुला पुलिस व 29 राष्ट्रीय राइफल्स ने सटीक सूचना के आधार पर तिलगाम पाईन निवासी लश्कर के मददगार एजाज अहमद को गिरफ्तार किया। वह सक्रिय आतंकियों के लिए रहने व खाने-पीने का प्रबंध करता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों तथा गैर कश्मीरियों पर हमले की साजिश को नाकाम बनाने में सफलता मिली है।