सत्ता संभालने के पहले ही दिन पीडीपी-भाजपा गठबंधन के चक्रव्यूह को तोड़ते हुए विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस ने निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद की गुगली के सहारे पीडीपी उम्मीदवार को बोल्ड कर गठबंधन सरकार को झटका दिया।
विधान परिषद में नेशनल कांफ्रेंस के दोनों उम्मीदवार चुनाव जीत गए। छह सीटों में से सत्ताधारी गठबंधन पीडीपी को दो और भाजपा को भी दो ही सीटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव पूर्व ही एक भाजपा उम्मीदवार रोमेश अरोड़ा चुनाव के मैदान से हट गए।
चुनाव में भाजपा से विबोध गुप्ता, चरणजीत सिंह खालसा चुनाव जीते। पीडीपी से जावेद मिर्चाल और सुरेंद्र चौधरी विजयी रहे, जबकि नेकां से पूर्व गृह राज्य मंत्री सज्जाद अहमद किचलू और कैसर जमशेद लोन चुनाव जीतने में कामयाब हो गए। चुनाव में नेकां ने दो ही उम्मीदवार उतारे थे और दोनों ही चुनाव जीतने में सफल रहे।
पीडीपी-भाजपा गठबंधन के दो-दो उम्मीदवार विजयी
चुनाव में भाजपा-पीडीपी के मनोनीत दो विधायकों के वोटों के बावजूद पीडीपी उम्मीदवार सैफुद्दीन भट्ट कश्मीर संभाग की सीट से चुनाव नहीं जीत पाए। छह सीटों के लिए हर विधायक को दो वोट डालने थे, मगर लंगेट से निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद ने जम्मू संभाग की चार सीटों के लिए अपना वोट नहीं डाला।
उन्होंने केवल कश्मीर संभाग की दो सीटों के लिए अपना वोट डाला। माना जा रहा है कि इसी वोट के सहारे नेकां उम्मीदवार कैसर जमशेद लोन चुनाव जीत गए। बहरहाल वोट डालने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में इंजीनियर रशीद ने कहा था कि वह पीडीपी को वोट करेंगे।
चुनाव में जम्मू संभाग की चार सीटों पर भाजपा के तीन उम्मीदवारों में से एक की हार निश्चित होते देख रोमेश अरोड़ चुनाव मैदान से मतदान पूर्व ही हट गए थे।
89 वोटों में से किसको पड़े कितने वोट
जम्मू संभाग की चार सीटें-
भाजपा- विबोध गुप्ता 19 वोट पड़े (जीते)
भाजपा- चरणजीत सिंह खालसा 18 वोट पड़े (जीते)
पीडीपी- सुरेंद्र चौधरी 29 वोट पड़े (जीते)
नेकां-सज्जाद किचलू् 29 वोट (जीते)
नोट: इन सीटों के लिए निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद ने वोट नहीं किया
कश्मीर संभाग दो सीट-
पीडीपी-जावेद मिर्चाल 30 वोट पड़े (जीते)
पीडीपी-सैफुद्दीन भट्ट 29 वोट पड़े (हारे)
नेकां-कैसर जमशेद लोन 30 वोट पड़े (जीते)
नोट: इन सीटों के लिए निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद ने वोट डाला