श्रीनगर के डलगेट इलाके में सीआरपीएफ वाहन और एक कार की टक्कर में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। बाइक दोनों वाहनों की चपेट में आ गई थी। हादसे के विरोध में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और सीआरपीएफ के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सीआरपीएफ की जिप्सी को भी आग लगा दी।
स्थिति पर नियंत्रण पाने को पुलिस और सीआरपीएफ को बल प्रयोग करना पड़ा और कुछ राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। शनिवार शाम डलगेट इलाके की बुलेवर्ड रोड पर सीआरपीएफ वाहन और एक कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां से गुज़र रही एक बाइक दोनों वाहनों की चपेट में आ गई।
बाइक पर सवार 42 वर्षीय मोहममद अशरफ हाफिज और 10 साल के नदीम इस दुर्घटना में गंभीर हो गए। इससे पहल की दोनों को अस्पताल ले जाया जाता दोनों की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सड़क हादसे के विरोध में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और सीआरपीएफ के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने सीआरपीएफ की जिप्सी में आग लगा दी।