रियासी। जिले में वीरवार को लगातार चौथे दिन भी कोरोना संक्रमण से मरने वालों का सिलसिला जारी रहा है। वीरवार को भी जिले में दो लोगों की संक्रमण से मौत हो गई और संक्रमण के 96 नए मामले सामने आए हैं। इसमें दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, जिले में 103 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं।
वीरवार को ब्लॉक रियासी में एक गर्भवती महिला सहित सबसे अधिक पचास नए मामले मिले हैं। ब्लॉक में संक्रमण की दर दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन आने वाले दिनों में सख्ती बढ़ा सकता है।
माहौर से भी 23 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा ब्लॉक कटड़ा से 15 और पौनी से सात नए मामले मिले हैं। वहीं, जिले में 103 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं।