प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते आईआईआईएम के निदेशक फोटो आयोजक
जम्मू। दो दिवसीय नेशनल स्टार्टअप फेस्टिवल 22 फरवरी को महिला कॉलेज गांधीनगर में होगा। सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन (आईआईआईएम) जम्मू द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश भर से 50 स्टार्टअप अपने नवाचारों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें कृषि-आधारित, स्वास्थ्य देखभाल, न्यूट्रास्युटिकल, तकनीक-आधारित, सेवा-आधारित और उपभोक्ता उत्पाद शामिल हैं।
वीरवार को सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू के निदेशक डॉ. ज़बीर अहमद ने प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेशनल स्टार्टअप फेस्टिवल का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जम्मू के युवाओं, छात्रों, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाना है। इसमें उधमपुर, रियासी, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ, कठुआ और सांबा जिलों से लोग शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान आईआईआईएम महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बीआईआरएसी), जैव प्रौद्योगिकी विभाग के साथ एक अनुदान पत्र समझौता (जीएलए) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा, औद्योगिक बायोटेक पार्क, घाटी, कठुआ के बीआईआरएसी इनक्यूबेटर के साथ नए स्टार्टअप भी नामांकित किए जाएंगे। ब्यूरो