श्रीनगर के ट्यूलिप गार्डन को 12 महीने गुलजार रखने के लिए पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट हेतु कोल्ड स्टोरेज बनाया जाएगा। इसके लिए बागवानी विभाग ने बुधवार को चार करोड़ रुपये मंजूर किए।
मंत्री ने गार्डन का दौरा करने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक की और इसकी घोषणा की। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि ट्यूलिप बल्बों की पैदावार में आत्मनिर्भर बनें, ताकि दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़ा। इतनी पैदावार होनी चाहिए कि इसे बेचा जा सके।
मंत्री ने कहा कि अगले पांच साल तक बल्बों की पैदावार में राज्य आत्मनिर्भर बनना चाहिए। वहीं विभाग के निदेशक से कहा कि इसके लिए एक बेहतरीन सेंटर बनाएं।
विशेषज्ञों की मदद से इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने को कहा। इस सेंटर में फूलों का व्यापार होगा। विभाग भारत सरकार के एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथारिटी से बात करेगा, ताकि ग्लोबल मार्केट में इसका निर्यात किया जा सके। गार्डन की पांच हेक्टेयर भूमि पर नर्सरी बनाने के निर्देश भी दिए गए।