एमए स्टेडियम के इंडोर कक्ष में हुई 36वीं जम्मू जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप में जैश सिंह ने पुरुष और यूथ बॉयज वर्ग में दोहरे खिताब हासिल किए। इसके अलावा अन्य वर्गों में विजेता खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत दर्ज की।
बुधवार को खेले गए पुरुष वर्ग के खिताबी मुकाबले में जैश सिंह ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए कांटे की टक्कर में संदीप को 3-2 से पछाड़कर ट्राफी अपने नाम की। हालांकि पहले दो सेट में संदीप ने 11-8, 11-9 से जीत दर्ज कर 2-0 से बढ़त हासिल की, लेकिन अगले तीन सेटों में वापसी करते हुए जैश सिंह ने लगातार तीन सेटों में विरोधी टीम के खिलाड़ी को शिकस्त देकर जीत अपनी झोली में डाली।
इसके अलावा जैश सिंह ने यूथ बॉयज वर्ग के खिताबी मुकाबले में ऋत्विक गुप्ता को लगातार तीन सीधे सेटों बढ़त हासिल कर विरोधी टीम को पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। कैडेट बॉयज में सुद्धक्षण और हनुमंत शर्मा के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। दोनों ही खिलाड़ियों ने आखिर तक जोरदार खेल दिखाया, लेकिन अंत में सुद्धक्षण ने 3-2 से जीत दर्ज कर ट्राफी हासिल की।
लड़कियों के कैडेट वर्ग में मेघना जैन ने एकनूर कौर को 3-1 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। सब जूनियर बॉयज वर्ग में मंदीप सिंह ने ऋत्विक गुप्ता को कांटे की टक्कर में 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब हासिल किया। लड़कियों के वर्ग के खिताबी मुकाबले में जाह्नवी ने श्रेया को सीधे सेटों में दो के मुकाबले तीन सेट से पराजित कर जीत दर्ज की। जूनियर बॉयज वर्ग में ऋत्विक गुप्ता ने मंदीप सिंह को कांटे की टक्कर में दो के मुकाबले तीन सेट से शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
जूनियर गर्ल्स वर्ग में जाह्नवी ने श्रेया को संघर्षपूर्ण मुकाबले में दो के मुकाबले में तीन सेट से पराजित किया। महिला वर्ग में सुरभि चाड़क ने जाह्नवी को दो के मुकाबले तीन सेट जीत कर और वेटरन वर्ग में संजय गुप्ता ने जीत राज कलसीs को लगातार तीन सेट जीत कर मात दी।