परिवहन, ग्रामीण, विकास एवं बागवानी मंत्री अब्दुल गनी कोहली बस स्टैंड और बीसी रोड पर खड़ी होने वाली बसों पर सख्त हुए हैं। परिवहन विभाग और संबंधित विभागों को खाली बसों को इंटर स्टेट बस टर्मिनल नरवाल और खानपुर नगरोटा में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि अभी तक कोई लिखित आदेश सामने नहीं आया है, लेकिन बीसी रोड पर जाम में फंसे बिना गुजरने की चाह रखने वाले आम लोगों की इस समस्या को सरकार गंभीरता से ले रही है। ऐसे में सरकार की इस व्यवस्था को बनाए रखने का दावा करते ट्रांसपोर्टर लोडिंग और अनलोडिंग बस स्टैंड से होने की मांग पर अड़े हैं।
बीसी रोड से बिक्रम चौक तक का रास्ता तय करने में पांच मिनट से ज्यादा समय नहीं लगता है, लेकिन जाम की वजह से 20 से 25 मिनट लगते हैं। ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और आला अधिकारियों का मानना है कि बीसी रोड से एंबुलेंस को निकाल पाना मरीज की जिंदगी को दांव पर लगाने के बराबर है।
परिवहन मंत्री ने साफ शब्दों में खाली बसों को बीसी रोड और बस अड्डे से बाहर निकालने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि जाम के मकड़जाल को खत्म करके लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
आल ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन जम्मू के प्रधान आशुतोष गुप्ता और आल स्लीपर बस आनर एसोसिएशन के प्रधान रवि शर्मा के मुताबिक वे प्रशासन की सभी बातों से सहमत हैं।
उनकी खाली बसें दिनभर नरवाल में लगती हैं और आठ बजे के बाद बीसी रोड पर आती हैं। जाम उनकी बसों का नहीं है। इस बात से एमएलसी चरणजीत सिंह, परिवहन मंत्री अब्दुल गनी, विधायक राजेश गुप्ता, आरटीओ अच्छी तरह से वाकिफ हैं।