अखनूर में चिनाब दरिया के स्टील ब्रिज पर यातायात बहाल।
अखनूर। चिनाब दरिया के स्टील ब्रिज की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। अब इस पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। ब्रिज से यातायात आठवें दिन शुरू हो पाया। ब्रिज की पांच प्लेटें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। ब्रिज की मरम्मत करने के साथ ही उसका रंग रोगन के अलावा तारलोक भी डाला गया।
सनद है कि एक सप्ताह पहले स्टील ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही के दौरान प्लेट की आवाजें सुनाई देने पर पीडब्ल्यूडी की तरफ से जांच करने पर पांच प्लेट क्षतिग्रस्त पाई गईं। समय रहते बडे़ हादसे से बचाने के लिए ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी। वाहनों की आवाजाही नए ब्रिज से होने पर वाहनों चालकों को अतिरिक्त तीन किलोमीटर आवाजाही करनी पड़ती थी।
लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक ब्रिज पर आठ दिन बाद वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर राहत मिली है। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक धरोहर के रूप में चिनाब दरिया का स्टील ब्रिज है। प्रशासन को चाहिए कि ब्रिज की देखरेख पर बड़े कदम उठाए जाएं।
पीडब्ल्यूडी के एईई अंग्रेज सिंह ने बताया कि ब्रिज की मरम्मत के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।