ट्रैफिक पुलिस ने गणतंत्र दिवस को लेकर शहर का यातायात प्लान किया जारी
जम्मू। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी बदलाव किए हैं। ट्रैफिक पुलिस सिटी ने विभिन्न रूट पर डायवर्जन और प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया है। बिना आधिकारिक पास वाले वाहनों को तय कट ऑफ प्वाइंट से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
ग्रीन बेल्ट पार्क से विजिलेंस रोटरी (बिक्रम चौक होते हुए दोनों ट्यूब), तवी ब्रिज, डोगरा चौक से जेपी चौक और भगत सिंह चौक से ज्यूल चौक तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। बिना पास वाले वाहन बिक्रम चौक, केनाल हेड, इंदिरा चौक और शकुंतला क्रॉसिंग से आगे नहीं जा सकेंगे। अखनूर और तालाब तिल्लो से आने वाले वाहन बख्शी नगर पुल से महेशपुरा-शकुंतला क्रॉसिंग, बीसी रोड, बस स्टैंड, ज्यूल चौक, डोगरा चौक से डायवर्ट होंगे।
जानीपुर, ओल्ड सिटी और नगरोटा से आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। दक्षिण जम्मू से आने वाले वाहनों को तवी रिवर फ्रंट की ओर मोड़ा जाएगा। कठुआ, सांबा, उधमपुर, कटड़ा, डोडा, बनिहाल, राजोरी, पुंछ, आरएस पुरा, मीरां साहिब और बिश्नाह से आने वाली बसों को कुंजवानी, टीसीपी नगरोटा, नरवाल, बाग-ए-बाहु, सतवारी चौक, गांधी नगर, एशिया क्रॉसिंग होते हुए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।
29 पार्किंग स्लाट तय
26 जनवरी को एमए स्टेडियम में मुख्य समारोह के मद्देनजर 29 पार्किंग स्लाट तय हुए हैं। वीआईपी वाहनों के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष पार्किंग होगी। जम्मू क्लब, हॉकी ग्राउंड, क्रिकेट ग्राउंड, कबड्डी ग्राउंड, कॉमर्स कॉलेज ग्राउंड, जम्मू विवि ओल्ड कैंपस, गुरुद्वारा बीबी चांद कौर, अभिनव थियेटर, न्यू जेडीए पार्किंग, कन्वेंशन सेंटर, केनाल रोड, पाम आइलैंड में पार्किंग की व्यवस्था है। एसआरटीसी यार्ड, कला केंद्र बिक्रम चौक, तवी रिवर फ्रंट, रणबीर मार्केट पार्किंग, सरकारी पॉलिटेक्निक बिक्रम चौक, गांधीनगर महिला कॉलेज, एमएएम कॉलेज सहित अन्य स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया है। पास धारकों के लिए परेड और सांस्कृतिक प्रतिभागियों के वाहन जीजीएम साइंस कॉलेज के पीछे पीर बाबा ग्राउंड में खड़े होंगे। सेना और अर्धसैनिक बलों के परिवार के वाहनों के लिए ओल्ड यूनिवर्सिटी कैंपस में पार्किंग है। एस्कॉर्ट वाहनों को ड्राई फ्रूट मंडी और जेडीए पार्किंग ज्यूल चौक में खड़ा किया जाएगा।