एक कार्यक्रम में पहुंचीं महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
श्रीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान महबूबा ने कहा कि वह कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर संभव कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि मुफ्ती सईद को कश्मीर पर गर्व था। उनका कहना था कि कश्मीरियों जैसा कोई नहीं है। उनका ख्वाब था कि कश्मीर विश्व में नंबर एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बने।
उन्होंने कहा यहां पर सामान्य जनजीवन और अमन शांति लाने के लिए हमें यहां के लोगों के पूरे सहयोग की जरूरत है। मैं वादा करती हूं कि जम्मू कश्मीर को ऐसा बनाएंगे कि जहां अमन और शांति होगी। लेकिन, आपके सहयोग के बिना कुछ भी संभव नहीं।
श्रीनगर के नेहरू पार्क के नजदीक बुक स्टोर और कॉफी कैफे का उद्घाटन करते हुए महबूबा ने कहा कि जो आजकल हालात हैं, उसमें नमाज पढ़ने से पहले व्यक्ति कई बार सोचता है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में इस्लाम धर्म को बदनाम किया गया है। उन्होंने कश्मीरी नौजवानों से अपील की कि वह इस्लाम की सच्ची रह पर चले। इस्लाम खाली पहनावे से नहीं होता, बल्कि उस पर अमल करने की जरूरत है।
बैनर, पोस्टर बिना पूछे नहीं लगाएं
महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
उन्होंने यह भी कहा कि मुफ्ती सईद ने जब गठबंधन किया उन्होंने अपने शासनकाल के बारे में नहीं सोचा। लेकिन, उन्होंने सिर्फ इतना सोचा कि कुछ ऐसा कर सकूं कि आने वाली पीढि़यों के लिए कुछ बेहतर हो। महबूबा ने कहा कि मैं भी ऐसी ही कोशिश करूंगी। उन्होंने कहा कि पत्थर मारकर किसी यात्री या पर्यटक को चोट पहुंचने से कुछ नहीं हल होगा। केवल बदनामी ही मिलेगी।
पत्थर मारेंगे, गोली चलेगी फिर माहौल खराब होगा। इसके बाद कोई यहां नहीं आएगा। इसलिए हमें माहौल को सुधारना होगा। मुफ्ती साहब बीमार थे, तब भी वह बॉलीवुड की हस्तियों से मुलाकात कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वहां गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि चंद नौजवान पत्थर मारते हैं।
वहीं ज्यादातर लोगों की सहायता भी करते हैं। चाहे वो बाढ़ जैसी परिस्थिति ही क्यों न हो। इस अवसर पर वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू, पर्यटन राज्य मंत्री प्रिया सेठी, शहरी विकास राज्य मंत्री आसिया नक्काश सहित कई विधायक और पीडीपी पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान चारों तरफ महबूबा के बैनर और पोस्टर लगे थे। इस पर महबूबा ने पर्यटन विभाग को साफ़ निर्देश दिए कि भविष्य में कभी भी उनसे पूछे बिना उनके पोस्टर नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने बाकी विभागों से भी यही बातें कहीं। महबूबा ने कहा कि मुझे कहीं भी अपने फोटो नहीं दिखने चाहिए। मुझे इन चीजों की जरूरत नहीं है।