कश्मीर में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक सरपंच के घर से लश्कर के टॉप कमांडर अबू मावया को गिरफ्तार कर लिया। मावया पाकिस्तानी है। उससे हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ है। एक पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस और सेना ने साझा ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार सुबह पांच बजे सोपोर के चूरा गांव के सरपंच फारूक अहमद के घर पर छापा मारा।
अचानक पड़े छापे के चलते लश्कर कमांडर अबू मावया कुछ नहीं कर पाया और सुरक्षा बलों ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने आतंकी के अलावा उसे पनाह देने वाले सरपंच को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि गिरफ्तार आतंकी अबू मावया पाकिस्तानी नागरिक है और उत्तरी कश्मीर में लश्कर की कमान संभाले हुए था।