यह महज संजोग तो नहीं हो सकता। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ नेपाल में दक्षेस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं, इधर, सरहद पर आतंकी हमला हो गया। आतंकी हमले का समय कतई संजोग तो नहीं हो सकता।
अरनिया सेक्टर में वीरवार सुबह हुए आतंकी हमले पर ट्विटर के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यह लिखा। उमर ने ट्विटर के जरिए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलेंगी।
जब भी दोनों देशों के प्रधानमंत्री अथवा उच्च अधिकारी मिलते हैं अकसर इस तरह की घटना होती है। नेपाल में दक्षेस सम्मेलन चल रहा है। भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री वहां हैं। इसी दौरान जम्मू में सीमा पर भयंकर मुठभेड़ शुरू हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकी हमले के मद्देनजर सभी संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और पूरी स्थित पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा जम्मू-पठानकोट हाईवे को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त नाके लगाकर भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है।