विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए घाटी और जम्मू में दो सौ से ज्यादा कंपनियां तैनात की जाएंगी। इस क्रम में जवानों की पोलिंग बूथों पर रवानगी शुरू हो चुकी है। खासकर दूसरे चरण में रियासी, कटड़ा और उधमपुर में तैनात केंद्र के अर्द्धसैनिक बलों को सांबा और विजयपुर भेजा गया है।
हेडक्वार्टर में तैनात उच्च पुलिस अधिकारी के अनुसार चौथे चरण के लिए जवानों को भेजना शुरू कर दिया गया है। इस चरण में तैनात होने वाले अर्द्धसैनिक बलों और जेएंडके पुलिस के जवानों की वास्तविक संख्या शुक्रवार की शाम को पता चलेगी, जब तमाम जवानों को रवाना कर दिया जाएगा। हालांकि दो सौ कंपनियों से ज्यादा की तैनाती का प्रस्ताव है।
उल्लेखनीय है कि 14 दिसंबर को रियासत की 18 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसमें से 16 सीटें कश्मीर घाटी और दो सीटें जम्मू संभाग की हैं। जम्मू संभाग की दोनों सीटें, सांबा और विजयपुर भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब होने के कारण विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन दोनों सीटों में कई संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं।
खासकर सीमा के करीब वाले क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा मतदान से पहले सीमांत इलाकों के थानों को भी विशेष नाके लगाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीमा सुरक्षा बल द्वारा भी चुनाव के मद्देनजर सीमा पर विशेष नजर रख रही है, ताकि सीमा पार से किसी तरह की घुसपैठ न हो सके।
पिछले दिनों कठार इलाके में घुसकर आतंकियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। इसी कारण सीमांत इलाकों में विशेष सुरक्षा बरती जा रही है।