दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले की शेरबाग पुलिस चौकी पर आतंकियों ने वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे ग्रेनेड दागा। ग्रेनेड थाने के अहाते में फटा। इसमें तीन पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिस कर्मियों की पहचान जहूर अहमद, आशिक हुसैन और फारूक अहमद के रूप में की गई है।
तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कश्मीर में चौथे चरण के मतदान के तहत अनंतनाग जिले में 14 दिसंबर को मतदान होना है। माना जा रहा है कि चुनावी प्रक्रिया में खलल की साजिश के चलते आतंकियों द्वारा पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया है।
अनंतनाग जिले की छह विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। ग्रेनेड हमले के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर तलाशी अभियान चलाया, पर कोई आतंकी हाथ नहीं लगा था। समाचार लिखे जाने तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी।