दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी में आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। श्रीनगर की एसओजी और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े इन आतंकियों को शनिवार को श्रीनगर से दबोचा।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय से लापता हुआ छात्र एहतेशाम बिलाल आईएस के इन्हीं आतंकियों के ग्रुप में शामिल हो गया है। एक आतंकी दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का छात्र रहा है। आतंकियों से आईएस का झंडा, तीन हैंडग्रेनेड, दो पिस्टल, 14 कारतूस, चार मोबाइल, एक बाइक और भारी मात्रा में रसद सामग्री बरामद की गई है। पकड़ने के दौरान आतंकियों ने पुलिस पर ग्रेनेड फेंका, लेकिन वह फटा नहीं।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि आतंकियों की पहचान तराल के ताहिर अली खान उर्फ मुसैब (23), बड़गाम के हारिस मुश्ताक खान उर्फ अबु बकर (24) और रैनावाड़ी के आसिफ सुहैल नदफ उर्फ करीम (22) के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ के बाद श्रीनगर की एसओजी ने आईएस से जुड़े दर्जन भर संदिग्धों को पकड़ा।
पुलिस ने रुकने को कहा तो आतंकियों ने फेंका ग्रेनेड
पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुश्वाहा ने बताया, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और श्रीनगर एसओजी ने शनिवार को आतंकियों की तलाश में श्रीनगर के टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर के पास कोठीबाग इलाके में छानबीन शुरू कर की। इसी दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्धों को आता देखकर रुकने का इशारा किया तो उन्होंने ग्रेनेड से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह फटा नहीं। तीनों को वहीं दबोच लिया। आतंकियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आवंतीपोरा के पंचग्राम गांव में सेब के एक बगीचे के बीच अंडरग्राउंड ठिकाने पर छापा मारकर वहां से खाना-पीने व भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया। आतंकियों ने बताया कि वह 31 जुलाई को अनंतनाग इलाके में सीआरपीएफ गार्ड पर ग्रेनेड हमले में शामिल थे।
छह सितंबर को लाल किला से हुई थी दो आतंकियों की गिरफ्तारी
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से आईएस से प्रभावित आतंकियों के मॉड्यूल पर काम हो रहा था। इसी कड़ी में स्पेशल सेल ने दिल्ली के लाल किला से 6 सितंबर को कश्मीर के सोपिया से दो आतंकी परवेज रशीद लोन और जमशीद जहूर पॉल को गिरफ्तार किया। उसके बाद से लगातार पुलिस आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।