डीसी इंचार्ज के दौरे लगातार जारी हैं। शनिवार को उन्होंने सरकारी दफ्तरों और शिक्षा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
खामियाें पर उन्होंने जहां मुलाजिमों को फटकार लगाई, वहीं, स्कूल से नदारद मिलीं तीन महिला शिक्षकों को निलंबित करने और स्कूल के हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी का आदेश जारी किया है।
इंचार्ज डीसी इंजीनियर नरिंदर सिंह बाली ने शनिवार को कठुआ से सटे निचले मैदानी इलाकों का दौरा किया। कठुआ से चन्नग्रां मिडिल स्कूल पहुंचे इंचार्ज डीसी ने स्कूल में स्टाफ की कम संख्या पर कड़ा संज्ञान लिया।
सुबह ग्यारह बजे स्कूल की तीन महिला शिक्षकों को अनधिकृत अवकाश पर पाया गया। बाली ने तीनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए।
स्कूल के हेडमास्टर को इस बाबत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसी तरह से खोख्याल मिडिल स्कूल, नगरी हायर सेकेंडरी स्कूल, बीडीओ कार्यालय नगरी में भी औचक निरीक्षण किया गया।
बाली ने कहा कि स्थानीय पंचायती नुमाइंदों को स्कूल में बच्चों और स्टाफ सदस्यों की हाजिरी को जांचते रहना चाहिए। इस दौरान किसी तरह की कोताही सामने आती है तो उस पर फौरन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इंचार्ज डीसी ने लखनपुर हाई स्कूल का भी औचक निरीक्षण किया, जहां पर सारी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उधर स्कूलों और अन्य संस्थानों में अचानक प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने से हड़कंप मच गया।