फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IED Blast: अखनूर में LoC के पास सेना के दो जवान बलिदान; एक घायल; गृह मंत्री ने सुरक्षा को लेकर की बड़ी बैठक

Tue, 11 Feb 2025 09:51 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू

सार

जम्मू-कश्मीर में एलओसी के पास मंगलवार को आईईडी ब्लास्ट होने से सेना के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।  
 
विज्ञापन
आईईडी ब्लास्ट (सांकेतिक) - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में मंगलवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास आईईडी ब्लास्ट में कैप्टन समेत दो जवान बलिदान हो गए। एक जवान घायल है। उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बलिदान जवानों की पहचान सेना की 9 पंजाब रेजिमेंट के कैप्टन केएस बख्शी और नायक मुकेश कुमार के रूप में हुई है। धमाका आतंकियों की साजिश बताई जा रही है। 

विज्ञापन

अधिकारियों ने बताया कि सेना के जवान एलओसी के पास गश्त ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर करीब 3:50 बजे भट्टल इलाके में लालेयाली पोस्ट के पास तीन जवान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) की चपेट में आ गए। तीनों घायलों को तुरंत सेना के कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया। जहां कैप्टन समेत दो जवानों ने दम तोड़ दिया। आईईडी को आतंकियों की ओर से लगाए जाने की आशंका है। हालांकि, इसे लेकर सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। वहीं, विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है। अतिरिक्त जवानों को तैनात कर आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है। पूरी गहनता के साथ इलाके को खंगाला जा रहा है।

पेट्रोलिंग पार्टी में सबसे आगे थे कैप्टन व नायक
अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलिंग पार्टी में सबसे आगे बलिदान हुए कैप्टन केएस बख्शी और नायक मुकेश कुमार चल रहे थे। एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है, जिनका कमान अस्पताल उधमपुर में इलाज चल रहा है। उपचाराधीन जवान की शिनाख्त अभी उजागर नहीं की गई है। 

व्हाइट नाइट कोर ने लिखा, सर्वोच्च बलिदान को स्लाम 
सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर इकाई ने दोनों सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया है। एक्स पर पोस्ट में लिखा, अखनूर सेक्टर के लालेयाली में सीमा पर गश्त के दौरान संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के विस्फोट की चपेट में आने से दो जवान बलिदान हो गए। व्हाइट नाइट कोर दोनों वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता है और श्रद्धांजलि देता है।

सोमवार को पाकिस्तान ने किया था स्नाइपर हमला
बता दें कि गत शनिवार को पाकिस्तान ने राजोरी जिले में कायराना हरकत की थी। केरी सेक्टर में भारतीय सेना के गश्ती दल पर गोलीबारी की थी। इसके बाद सोमवार को नौशेरा सेक्टर में स्नाइपर हमला किया, जिसमें गोली लगने से गश्ती दल का एक जवान घायल हो गया था।
विज्ञापन

अमित शाह ने की उच्च स्तरीय बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उन्होंने सीमा सुरक्षा बल को सीमा ग्रिड को मजबूत करके और उन्नत प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके ‘शून्य घुसपैठ’ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें