जाट आरक्षण के चलते ट्रेनों के रद्द किए जाने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रविवार को जम्मू से 11 ट्रेनों को रद्द किया गया है। ट्रेनों के रद्द होने पर जम्मू और कटड़ा में 40 हजार के करीब यात्री फंसे हैं। ज्यादातर यात्री कटड़ा में माता के दरबार में जाने वाले हैं।
ट्रेनों को रद्द करने पर हजारों यात्री रेलवे स्टेशन पर परेशानियों से जूझते रहे। जो ट्रेनें सहारनपुर के रास्ते जम्मू पहुंच रही हैं, वह भी घंटों देरी से जम्मू पहुंचीं। फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए रेलवे ने रात को दो स्पेशल ट्रेनें दिल्ली के लिए रवाना की।
जाट आंदोलन से बिगड़े हालात के बाद शुक्रवार से रेल सेवा प्रभावित है। शुक्रवार को आठ ट्रेनें, शनिवार को 15 और रविवार को 11 ट्रेनें रेलवे को रद्द करनी पड़ीं।
रविवार को रेलवे ने श्री शक्ति एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, पूजा एक्सप्रेस, जम्मू मेल, झेलम, राउरकेला एक्सप्रेस, टाटा मूरी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, उधमपुर दिल्ली सराय रोहेल्ला, श्री माता वैष्णो देवी जामनगर सिंधु एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।