आरोपियों की निशानदेही पर 12 दोपहिया वाहन और एक मारुति कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुुुरा। पुलिस ने मंगलवार को होली के अवसर पर एक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 12 दोपहिया वाहन और मारुति कार बरामद की। ये सभी आरोपी स्थानीय हैं। इनके अन्य साथियों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया है कि 18 जनवरी को सोमदत्त पुत्र चरण दास निवासी वार्ड 11 आरएस पुरा ने एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके घर के सामने से एक बाइक (जेके02सीजी-1344) चोरी हो गई है। इस सूचना पर पुलिस हरकत में आई और एक विशेष जांच दल का गठन कर तकनीकी टीम की मदद से कई संदिग्ध स्थानों पर छापामारी की। इस दौरान पांच युवक पुलिस के हाथ लगे। इनसे जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो इन्होंने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने 11 बाइक, एक स्कूटी और एक मारुति 800 कार बरामद की।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान पारस सिंह निवासी रामपुर नई बस्ती जम्मू, पुरुषोत्तम जंगराल निवासी जिंदर खुर्द बिश्नाह, लवजीत सिंह निवासी चुबिया जटा बिश्नाह, सुनील शर्मा निवासी घरोटा जम्मू और दिलीप सिंह निवासी वार्ड 13 बिश्नाह के रूप में की गई। इन लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने संभावना जताई है कि इनके जरिए और भी शातिर पुलिस के चंगुल में फंस सकते हैं।