जाकिर मूसा के विरोध में लगें पोस्टर
घाटी में सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ है जिस पर अंसार गज्वातुल हिंद के कमांडर जाकिर मूसा का फोटो है। इसके नीचे लोगों से उसका साथ न देने की अपील की गई है। हालांकि, इस पोस्टर की किसी प्रकार की कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सूत्रों की मानें तो यह पोस्टर दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पाया गया है।
पोस्टर में जाकिर मूसा को एक गद्दार ठहराते हुए सभी लोगों से कहा गया है कि वह इस गद्दार का साथ न दें क्योंकि यह घाटी के मुजाहिदीनों के खून को हिंदुस्तानी फौजों के सामने बेच रहा है। उसे कई आतंकियों की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा गया है कि उसने इसके एवज में सुरक्षा एजेंसियों से पैसे भी लिए हैं।
पोस्टर में यह भी लिखा है कि हिज्ब से वह भारतीय एजेंसियों के इशारे पर अलग हुआ जिसके बाद उसने कई अन्य तंजीमें खड़ी कीं। इतना ही नहीं हुर्रियत को गलत ठहराने के अलावा मूसा ने आतंकियों के बीच भी फूट डालने की कोशिश की। आखिर में लोगों से अपील की गई कि जहां कहीं भी वह दिखे तो उसे खत्म कर दिया जाए।