बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए जम्मू और सांबा जिले के 103 गांवों को शामिल कर ग्रेटर जम्मू के तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव है। मास्टर प्लान 2032 में जम्मू शहर की सीमा 305 वर्ग किलोमीटर बढ़ाकर 652 वर्ग किलोमीटर करने का प्रस्ताव है।
राज्यपाल एनएन वोहरा ने वीरवार को संशोधित जम्मू मास्टर प्लान 2032 की नागरिक सचिवालय में समीक्षा की। राज्यपाल एनएन वोहरा को बताया गया कि जेएंडके डेवलपमेंट एक्ट 1970 के तहत जम्मू के लिए मास्टर प्लान को संशोधित किए जाने का प्रस्ताव है।
इससे पहले 2021 तक का मास्टर प्लान तैयार किया गया था, लेकिन इस बीच के गैप के दौरान कई बदलाव आए, जिसके मद्देनजर जम्मू मास्टर प्लान को अब 2032 तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाना होगा। क्योंकि इस समय में लोगों की जरूरतें बढ़ीं, घर मकान बढ़े, ढांचा बढ़ने के साथ-साथ कई सेवाएं भी शामिल होंगी।
इस मौके पर चीफ सेक्रेटरी, फाइनेंशियल कमिश्नर, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट, डिवीजनल कमिश्नर डा. पवन कोतवाल, निगम आयुक्त मंदीप कौर, चीफ इंजीनियर आरएंडबी, टाउन प्लानिंग आर्गेनाइजेशन सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने हिस्सा लिया।