श्री अमरनाथ यात्रा में देश के कोने-कोने से आने वाले भक्त रियासत की कला, संस्कृति एवं भाषा से परिचित होंगे। भगवती नगर के आधार शिविर में हर रोज एक घंटे का रंगारंग कार्यक्रम होगा।
पर्यटन विभाग और इंडियन काउंसिल फार कल्चरल रिलेशन मिलकर इसका आयोजन करेंगे। पहली बार यात्रा को लेकर विभाग की ओर से इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कई तरह के कार्यक्रम शामिल होंगे।
पर्यटन विभाग की निदेशक सुषमा चौहान ने बताया कि भगवती नगर में रुकने वाले भक्त शाम को इन रंगारंग कार्यक्रमों का लुत्फ उठा सकेंगे। इसमें राज्य कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी और इंडियन काउंसिल फार कल्चरल रिलेशन के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कश्मीर, जम्मू और लद्दाख के खानपान, पहनावे, रहन-सहन और कल्चर के बारे श्रद्धालुओं को गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। एक महीने तक इसका आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए बार्डर और जम्मू भ्रमण
पर्यटन विभाग ने इस बार दूसरा सबसे बड़ा कदम यात्रियों के मनोरंजन को लेकर उठाया है। जम्मू भ्रमण और बार्डर भ्रमण नाम की बस सेवा शुरू की जाएगी। जम्मू भ्रमण बस में बैठकर श्रद्धालु शहर के एतिहासिक धार्मिक स्थलों रणवीरेश्वर मंदिर, रघुनाथ मंदिर, पीरखो मंदिर, बावे मंदिर, अमर महल, मुबारक मंडी और बलिदान स्तंभ की सैर करेंगे। इसके अलावा एक बस बार्डर भ्रमण के लिए लगाई जाएगी। नई बस्ती गुलाबगढ़, रघुनाथ मंदिर, सुचेतगढ़, घराना वेटलैंड तक जाएगी। दोनों बसें भगवती नगर से शुरू होंगी।