जम्मूतवी रेलवे स्टेशन के पास आग से प्रभावित शिव मार्केट का दौरा करने पहुंचे चौधरी ने कहा कि नेकां ने एक हिंदू नेता को उपमुख्यमंत्री बनाकर जम्मू को सम्मान दिया है। सरकार में उपमुख्यमंत्री दूसरा सबसे बड़ा पद होता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हमें और सतीश शर्मा को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी।
भाजपा ने हम दोनों को मंत्रिमंडल से हटवाने की कोशिश की थी और उन्हें जयचंद तक कहा था। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी के नेशनल कॉन्फ्रेंस को ‘मुस्लिम कॉन्फ्रेंस’ बताने के बयान पर चौधरी ने सवाल किया कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात करती है लेकिन क्या देश भर में अपनी सरकारों में या केंद्र में एक भी मुस्लिम को मंत्री, या उपमुख्यमंत्री बनाया है?
भ्रष्टाचार के सबूत दे भाजपा... भाजपा को चुनौती दी कि वे मुझ पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को साबित करें। साथ ही, यह भी पूछा कि भाजपा के अपने नेताओं के पास इतनी संपत्ति कहां से आई, इसका स्रोत क्या है। उन्होंने भाजपा प्रवक्ता सुनील सेठी पर भी सवाल उठाए।
बोले...मैं जाट हूं, भाजपा बताए वह किन समुदायों को हिंदू मानती है
चौधरी ने अपनी जातीय पहचान पर उठाए गए सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जाट होने से उनकी हिंदू या डोगरा पहचान कम नहीं होती। उन्होंने सवाल किया कि यदि जम्मू में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी डोगरा हो सकते हैं तो जाट समुदाय से आने वाले नेता की हिंदू और डोगरा पहचान पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं? अगर हम हिंदू नहीं हैं तो भाजपा को बताना चाहिए कि वह किन समुदायों को हिंदू मानती है और किन जातियों को सनातन धर्म का हिस्सा मानती है। उन्होंने कहा कि मैं माता वैष्णो देवी और माता दुर्गा का भक्त हूं। टिप्पण्यिों से पूरे जाट समुदाय की पहचान पर सवाल खड़े हुए हैं।