दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शोपियां के कोंगनू गांव में वीरवार को दोपहर घात लगाए आतंकियों ने वहां से गुजर रही सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ी पर हमला कर दिया। जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
कुछ घंटे तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। बाद में आतंकी भाग खड़े हुए। इसके बाद कोंगनू गांव समेत आसपास के गांवों का घेराव कर राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हमला करने वाले आतंकियों की संख्या दो से तीन थी, जो सेना की वर्दी में थे।