एक ओर घाटी के हालात तेजी से बदल रहे हैं तो दूसरी ओर आतंकवादी व सीमा पार बैठे आतंक के आका जन्नत की हवा में जहर घोलने की नापाक कोशिशें कर रहे हैं। घाटी में तेजी से आतंक के खात्मे से आतंकी संगठन बौखलाहट में हैं। इसी को लेकर आतंकी संगठनों की ओर से आए दिन नए-नए तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। वहीं सेना की सतर्कता उनके नापाक मंसूबों के फन कुचल रही है।
इस साल आतंकियों की सुरक्षाबलों से हुई मुठभेड़ और पंजाब में ड्रोन से हथियार गिराने, चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जनवरी में बांदीपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी सरफराज के पास से एक सैटेलाइट फोन बरामद हुआ था। वहीं सोपोर में मारे गए आतंकियों के पास से भी एक सैटेलाइट फोन मिला था।
केंद्र सरकार की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति व प्रदेश से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से आतंकवादी मोबाइल फोन की जगह सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। घाटी में मोबाइल सेवा बंद होने के बाद से आतंकी सीमा पार बैठे अपने आकाओं से संपर्क में रहने के लिए सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।