आतंकियों ने घटना को दिया अंजाम
- फोटो : फाइल फोटो
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में वीरवार की रात आतंकियों ने एसपी तथा इंस्पेक्टर रैंक के दो अधिकारियों समेत सात पुलिसकर्मियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। राज्य पुलिस महानिदेशक डा. एसपी वैद ने बताया कि यह आतंकियों की हताशा है। उनका सपोर्ट बेस हमने लगभग तबाह कर दिया है। उनके कई प्रमुख कमांडर मारे गए हैं। इसलिए वह अब ऐसी हरकतें कर रहे हैं। पूरा एहतियात बरता जा रहा है। इन वारदातों में लिप्त आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है।
एसपी दाऊद के खुडवानी स्थित मकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही आतंकियों ने हवाई फायरिंग की। एसपी के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित नावबल खुडवनी में आतंकियों ने एक इंस्पेक्टर के घर पर हमला किया। आतंकियों को घर में घुसते देख इंस्पेक्टर पिछले दरवाजे से निकल गए। देसन गांव में आतंकियों ने सन्नाउल्लाह वागे के घर में तोड़फोड़ की। इनके तीन बेटे राज्य पुलिस में हैं। आतंकियों ने मकान में तोड़फोड़ करते हुए चेताया कि वह अपने बेटों को आतंकरोधी अभियानों से दूर रहने की ताकीद करते हुए नौकरी छोड़ने के लिए कहें। मरहामा गांव में आतंकियों ने दो पुलिसकर्मियों और सेमपोरा बेहीबाग में एक पुलिसकर्मी के घर में तोड़फोड़ की।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलवामा जिले के त्रिछलनैरा व तुमलहाल गांवों में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकी सद्दाम पाडर ने आधा दर्जन साथियों संग पहले सीआरपीएफ की 182वीं वाहिनी के एक कांस्टेबल के घर तोड़फोड़ की। इसके बाद त्रिछल गांव में तीन एसपीओ के घरों को निशाना बनाया। एक एसपीओ को गांव की जामिया मस्जिद में ले जाकर लाउडस्पीकर पर उसके इस्तीफे का एलान कराया। पाडर और उसके साथियों ने दो पुलिसकर्मियों के घरों में जाकर उनके परिजनों को भी धमकाया। त्राल के अरिगाम में पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के मकान पर शरारती तत्वों ने हमला कर मकान की सभी खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। यह पुलिसकर्मी काजीगुंड में तैनात है। पुलिसकर्मी के परिजनों को डराने के लिए उसके घर के बाहर पटाखे भी चलाए।