जम्मू-कश्मीर के गुरूवार पूरे दिन आतंकियों और सुरक्षाबलों में कई इलाकों में मुठभेड़ जारी रही। इस दौरान तहरीक उल मुजाहिदीन के जिला कमांडर समेत तीन आतंकी मारे गए। इनमें दो लश्कर के आतंकी थे। तीनों स्थानीय थे। मुठभेड़ में एक जवान भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आतंकियों ने किश्तवाड़ में भाजपा राज्य सचिव अनिल परिहार व उनके भाई पर भी हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई है। वहीं, कश्मीर में कई इलाकों में आतंकियों के मारे जाने के बाद तनाव जारी रहा। पत्थरबाजों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया साथ ही जम्मू-श्रीनगर हाईवे को भी लम्बे समय तक जाम रहा।
दो आतंकी सुरक्षाबलों ने मार गिराए
बडगाम में गुरुवार सुबह शुरू हुई सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। मारे गए दोनों आतंकी में से एक की पहचान बडगाम निवासी मुख्तार ए खान बताई जा रही है, वहीं दूसरे आतंकी की पहचान पाम्पोर निवासी मो. अमिन मीर के तौर पर हुई है। इस मुठभेड़ के बाद से ही इलाके में तनाव फैल गया है। पत्थरबाजों ने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया। इस मुठभेड़ में एक जवान के घायल होने की भी सूचना है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बडगाम के जागू अरिजल इलाके में सुरक्षाबलों को आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। आतंकियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद से दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में आतंकियों के मारे जाने की सूचना लोगों को मिलते ही पत्थरबाजों ने सुराक्षबलों पर पथराव शुरू कर दिया। उधर, पम्पोर स्थित आतंकी के मारे जाने की खबर लगते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। जिसके बाद से पत्थरबाजों ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे ब्लाक कर दिया है।
आतंकियों ने बीजेपी राज्य सचिव और उनके भाई की किया हत्या
ANIL PARIHAR
- फोटो : File Photo
किश्तवाड़ जिले में आतंकियों ने भाजपा के राज्य सचिव अनिल परिहार व उनके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरूवार रात लगभग नौ बजे की है। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में भारी तोडफ़ोड़ की। एसएसपी के साथ दुव्यहार किया। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया।
माना जा रहा है कि किश्तवाड़ व आसपास के इलाकों में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की वजह से ही उनकी हत्या की गई है। भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने दोनों नेताओं की आतंकियों की ओर से गोली मारे जाने की पुष्टि की है।
अनिल रात लगभग नौ बजे अपने भाई अजीत परिहार (स्टेट फूड कॉरपोरेशन में कर्मचारी) के साथ घर लौट रहे थे। अपनी स्टेशनरी की दुकान से जैसे ही वे तापल गली में पहुंचे तो पहले से घात लगाए आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद वे भाग निकले।
आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर किया हमला, एक आतंकी ढेर
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के मुताबिक मारे गए आतंकी की फाइल फोटो
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा के पोहरूपथ में नाका पार्टी पर हमला के बाद वीरवार की रात सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के अनुसार मारा गया आतंकी तहरीक उल मुजाहिदीन का बारामुला जिला कमांडर का नसीर अहमद तेली था, जो तीन अक्तूबर को संगठन में शामिल हुआ था।
हिंसा की आशंका में पूरे इलाके में पाबंदियां लगा दी गई हैं। माना जा रहा है कि अभी और भी कई आतंकी छिपे हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।