आतंकी संगठनों ने बर्फबारी की आड़ में ज्यादा से ज्यादा आतंकियों को घुसपैठ कराने की साजिश रची है। पिछले कई महीनों में एलओसी पर जम्मू और कश्मीर दोनों ही संभागों में घुसपैठ की कोशिशें बढ़ीं हैं। सुरक्षा एजेंसियों के पास इनपुट हैं कि पीओके में लांचिंग पैड पर जगह-जगह आतंकियों के दल घुसपैठ करने की फिराक में हैं।
पाकिस्तानी सेना इसमें मदद पहुंचा रही है। घुसपैठ को सफल बनाने के लिए पाक सेना की ओर से सीजफायर उल्लंघन की आड़ में कवर फायर दिया जा रहा है। यही वजह है कि एलओसी और आईबी दोनों ही जगह सीजफायर तोड़ने की घटनाएं बढ़ीं हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बर्फबारी का फायदा उठा कर आतंकी अक्सर घुसपैठ की फिराक में होते हैं। ऐसे में घुसपैठ को रोकने के लिए सुरक्षा बलों को और चौकन्ना होना पड़ेगा। बर्फबारी के दौरान गुरेज वैली से भी घुसपैठ की कोशिशें होती रहीं हैं।लेकिन, यह भी काफी दिक्कतों भरा होता है।
बता दें कि पिछले दिनों सेना ने घाटी में मुठभेड़ के दौरान आतंकी संगठनों के कई बड़े आतंकियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। जिस वजह से तमाम आतंकी संगठन एक बार फिर से अपने पैर पसारने के लिए विदेशी आतंकियों के घुसपैठ की साजिश रच सकती हैं।