अनंतनाग हमले में शहीद जवान को श्रद्धांजलि
- फोटो : ANI
कश्मीर में लगातार दूसरे दिन आतंकियों ने पुलिसकर्मयों को निशाना बनाकर हमले किए हैं। शुक्रवार को लश्कर के मोस्ट वांटेड आतंकी जुनैद मट्टू के खात्मे से बौखलाए आतंकियों ने शाम को सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। जानकारी के अनुसार आतंकियों द्वारा दक्षिण कश्मीर के जिले अनंतनाग में एक पुलिस पार्टी पर हमला किया है।
इस आतंकी हमले में 6 पुलिसकर्मियों के शहीद होने की खबर है। आतंकियों द्वारा अनंतनाग जिले अच्छाबल के थाजीवारा में एक पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गई है। इस गोलीबारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के 6 जवान शहीद हुए हैं। अमर उजाला से बातचीत में डीजीपी एसपी वैद ने इसकी पुष्टि की है। आतंकी हमले के बाद सेना और पुलिस के जवानों द्वारा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।
अनंतनाग में आतंकियों द्वारा हमले के बाद पुलिसकर्मियों के शवों से बर्बरता की बात सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकियों द्वारा पुलिसकर्मियों के शवों के चेहरों को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे पूर्व वीरवार को कुलगाम जिले में आतंकियों द्वारा पुलिसकर्मियों के निशाना बनाकर हमले किए गए थे। इन वारदातों में 2 जवान शहीद हुए हैं।