पुंछ जिले के बफलियाज इलाके में बृहस्पतिवार को दोपहर 3:45 बजे भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया। हमले में पांच सैनिक बलिदान हो गए। दो घायल हैं। दहशतगर्दों ने ग्रेनेड दागे, फिर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। दो जवानों के शव क्षत-विक्षत भी कर दिए गए हैं। कुछ जवानों के हथियार भी ले भागने की आशंका है। वहीं सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि आतंकियों ने हमले में अमेरिका में बनी एम-4 कार्बाइन राइफल का इस्तेमाल किया था।
पाकिस्तान समर्थित पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट (पीएएफएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। घटनास्थल का इलाका राजोरी और पुंछ की सीमा पर पड़ता है। सेना के अधिकारियों ने कहा सैनिक बुधवार शाम से इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे संयुक्त अभियान को मजबूत करने जा रहे थे।
ये भी पढ़ें- Terror Attack: राजोरी-पुंछ में करीब 30 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय, घने जंगल- प्राकृतिक गुफाओं को बना रहे ठिकाना
सैनिकों की शहादत का बदला जल्द लिया जाएगा- रैना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि पुंछ में पाकिस्तानी आतंकियों ने भारतीय सेना की दो वाहनों पर कायरतापूर्ण हमला किया। सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने इलाके को घेर लिया है और हमारे सैनिकों की शहादत का जल्द ही बदला लिया जाएगा।