जम्मू। कश्मीर में टारगेट किलिंग को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहे। बुधवार को शिवसेना डोगरा फ्रंट ने रानी पार्क में पाकिस्तान और कश्मीरी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया है।
इस मौके पर प्रधान अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी नेताओं की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह लोग घाटी में अशांति फैलाने में लगे हुए हैं। दो अक्तूबर के बाद से लगातार कश्मीर में टारगेट कीलिंग हो रही है। निर्दोष लोगों को मारा जा रहा है। छह अल्पसंख्यकों को मौत के घाट उतार दिया है।
इस समय देश के हर नागरिक को चाहिए कि वह सुरक्षाबलों का साथ दें, जो आतंकियों से लड़ने के लिए सबसे आगे खड़े हैं। पाकिस्तान और आतंकी संगठन अल्पसंख्यकों की हत्या करवाकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कश्मीर के नेताओं और आवाम को चाहिए वह हिंदुओं की मदद करें, ताकि पाकिस्तान अपने मकसद में कामयाब न हो सके। कश्मीर के कुछ नेता पाकिस्तान की ही भाषा बोलते हैं, जिनमें महबूूबा मुफ्ती भी शामिल हैं। उनके देश विरोधी अभियान और हिंसक रवैये के कारण माहौल खराब हो रहा है। शांति भंग हो रही है। इसी रवैये की वजह से कश्मीर में टारगेट किलिंग हो रही है। इसलिए पाकिस्तान और आतंकियों के साथ-साथ ऐसे नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।