स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नगरपालिका और बीएसएफ ने चलाया सफाई अभियान संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 73वें जन्मदिन पर मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत अखनूर नगरपालिका और सीमा सुरक्षा बल की 46वीं वाहिनी ने विभिन्न स्कूलों के छात्रों के साथ निर्दोष चौक से विराट किले तक स्वच्छता रैली निकाल लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली के बाद किले व उसके आसपास के क्षेत्र में सफाई की गई। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने ऑर्केस्ट्रा बैंड की प्रस्तुति दी।
रैली को एसडीएम अखिल सडोत्रा व बीएसएफ के कमांडेंट सीआर चौहान ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व नपा अध्यक्ष संजय सर्राफ कर रहे थे। रैली के पश्चात विराट किले में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें छात्रों ने स्वच्छता को लेकर सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। रैली में शामिल छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। एसडीएम ने दैनिक जीवन में उपयोग किए जाने वाले पाॅलिथीन उत्पादों से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी और पाॅलिथीन से होने वाले पर्यावरण के खतरों से आगाह किया। मौके पर नपा कार्यकारी अधिकारी शशिकांत, पूर्व विधायक राजीव शर्मा, पार्षद राकेश मल्होत्रा, दीपेश सिंह पवार, कर्ण सिंह, आदि मौजूद थे।