लगातार साजिशें रच रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम लागू होने के बावजूद लगातार घुसपैठ कराने की साजिश में जुटा हुआ है। 29 मई के बाद से तीन बार आईबी पर घुसपैठ की कोशिशें हो चुकी हैं। हालिया घटना में 9 जून को अरनिया एवं आरएस पुरा सेक्टर के मध्य जय किशन पोस्ट के पास ड्रोन नजर आया था जिसे बीएसएफ ने फायरिंग कर खदेड़ दिया था। इससे पहले दो जून को कानाचक में बीएसएफ ने फायरिंग कर ड्रोन को खदेड़ा था। ड्रोन से तीन चुंबक लगी आईईडी गिराई गई थीं। ये तीनों आईईडी प्लास्टिक के टिफिन बॉक्स में थीं। तीनों आईईडी में टाइमर लगा हुआ था। उधर 29 मई को कठुआ जिले के राजबाग इलाके में पुलिस ने ड्रोन को मार गिराया था। ड्रोन के साथ सात स्टिकी बम और कई अंडर बैरल ग्रेनेड (यूबीजी) बरामद किए थे।
नवंबर 2019 में सीमा पार से हुआ था संघर्ष विराम का उल्लंघन
पाकिस्तान की ओर से वर्ष 2019 के नवंबर में अरनिया सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया गया था। संघर्ष विराम जारी रखने के लिए बीएसएफ व पाक रेंजर्स के मध्य कई बार फ्लैग मीट के दौरान शांति बनाए रखने की चर्चा के बाद भी पाक की ओर से कभी ड्रोन तो कभी घुसपैठ कराए जाने का प्रयास किया जाता रहा है।