जम्मू शहर के वेयर हाउस क्षेत्र में पुलिस ने एक आत्मसमर्पित आतंकी और ओजीडब्ल्यू बशीर अहमद को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।
गणतंत्र दिवस को लेकर जम्मू कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के सभी चौक-चौराहों सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर नियंत्रण रेखा तक पूरी चौकसी बरती जा रही है। इस बीच जम्मू शहर के वेयर हाउस क्षेत्र में पुलिस ने एक आत्मसमर्पित आतंकी और ओजीडब्ल्यू बशीर अहमद को पकड़ा है।
विज्ञापन
बशीर की गिरफ्तारी तब हुई, जब वह क्षेत्र के प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते देखा गया। मंगलवार शाम को उसे हिरासत में लिया गया। उसके पास से मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद हुए हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।
जम्मू में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के पास उसकी उपस्थिति से जुड़े उद्देश्यों और संभावित खतरों का पता लगाने के लिए मामले की जांच फिलहाल चल रही है। बशीर अहमद मूल रूप से जम्मू संभाग के राजोरी जिले का रहने वाला है। उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस की खुफिया शाखा ने हिरासत में लिया।
विज्ञापन
उसकी पहचान एक आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादी और ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में की गई है। वर्तमान में जम्मू के बठिंडी के मक्का मस्जिद के पास रहता है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। मामले में पुलिस की जांच चल रही है।