जिला की तहसील माहौर के बल क्षेत्र में वीरवार दोपहर को सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एसपीओ सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर घायल हो गए। बताया जाता है कि टाटा सूमो (जेके20-7607) सवारियों को लेकर टुकसन से माहौर की तरफ आ रही थी। बल क्षेत्र में पहुंचने पर चालक नियंत्रण खो बैठा और सूमो खाई में जा गिरी।
खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सूमो में सवार लोग इधर-उधर गिर गए। चालक सहित सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े। माहौर पुलिस भी पहुंची। सभी ने बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जाता है कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सात घायलों को सीएचसी माहौर में लाया गया, जहां पर एक अन्य घायल की मौत हुई। माहौर में प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां एक घायल की मौत हुई।
इनकी हुई मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में गुलाम मोहीदीन पुत्र अब्दुल समद निवासी टुकसन, शब्बीर अहमद पुत्र अब्दुल रहीम निवासी टुकसन, मोहम्मद यूसुफ पुत्र अब्दुल्ला निवासी टुकसन तथा एसपीओ मुश्ताक अहमद पुत्र मीर अहमद निवासी माहौर के रूप में हुई है।
ये हुए घायल
घायलों में नजीर अहमद पुत्र अब्दुल रहीम निवासी टुकसन, शमसदीन पुत्र अब्दुल्ला निवासी टुकसन, मंजूर अहमद पुत्र अली मोहम्मद निवासी टुकसन, शब्बीर अहमद पुत्र मेहंदिया निवासी देवल तथा जावेद अहमद पुत्र गुलाम कादिर निवासी लाड के रूप में हुई।
मृतकों, घायलों के परिजनों को मदद करने की मांग
ब्लॉक गुलाबगढ़ की डीडीसी सदस्य तथा जिला डीडीसी वाइस चेयरमैन साजरा कादिर ने बल माहौर में हुई सड़क दुर्घटना पर अफसोस जताते हुए जिला प्रशासन से मृतकों तथा घायलों के परिजनों को मदद करने की मांग की है। डीडीसी वाइस चेयरमैन ने कहा कि रमजान के पाक महीने में कई घरों के भीतर मातम का माहौल बन गया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।