प्रधानमंत्री पैकेज से राहत एवं पुनर्वास देने के लिए मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने शुक्रवार को कैबिनेट सब कमेटी गठित की।। उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह की अध्यक्षता में बनी कमेटी पीओके रिफ्यूजियों तथा छंब विस्थापितों के वन टाइम सेंटलमेंट, जम्मू के विस्थापितों के लिए पुनर्वास पैकेज तथा 3000 कश्मीरी विस्थापितों को रोजगार देने के लिए रोड मैप तैयार करेगी।
समिति की सिफारिशों पर कैबिनेट की बैठक में फैसला होगा। समिति में राहत एवं पुनर्वास मंत्री सैयद बशारत बुखारी, पीएचई मंत्री सुखनंदन कुमार तथा वित्त मंत्री डॉ. हसीब द्राबू होंगे।
शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुफ्ती ने राहत पैकेज के इस्तेमाल के लिए संस्थागत व्यवस्था तैयार करने को कहा। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को नकद सहायता के निर्देश देते हुए कहा कि पैकेज की धनराशि का व्यय कठिन काम है और यह हमारी प्रशासनिक मशीनरी की कार्यकुशलता की परीक्षा भी है। सब कमेटी की शनिवार को बैठक होगी।