पिछले साढ़े तीन माह से उधमपुर आतंकी हमले की जांच कर रही नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीम दिल्ली लौट गई है। जानकारी के अनुसार एनआईए उधमपुर हमले का चालान जल्द ही अदालत में पेश करने की तैयारी में है।
जांच टीम दिल्ली लौटकर चालान को अंतिम रूप देने में जुटी है। हालांकि, अभी इस मामले में एक अन्य आतंकी फैयाज अहमद इट्टू उर्फ सेठा अभी फरार है।
हमले से पहले कश्मीर से उधमपुर तक जिस ट्रक में पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद और नोमान आए थे, उसे सेठा ही चला रहा था।
उसके साथ शाबजार अहमद भी था, जिसे एनआईए पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद से वह अपने परिवार के साथ फरार है। एनआईए ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
चालान पेश करने की कोशिश में एनआईए
एनआईए सूत्रों के अनुसार चूंकि मामला पहले से ही 90 दिन की अवधि पार कर चुका है। एनआईए ने अदालत से 90 दिनों की अतिरिक्त मोहलत हासिल की है।
इसलिए वह जल्द से जल्द चालान पेश करने की कोशिश में है। यदि सेठा नहीं भी पकड़ा जाता है तो एनआईए मामले का चालान पेश कर देगी और बाद में सेठा की गिरफ्तार होने पर अतिरिक्त चालान पेश किया जाएगा।
उधर, आतंकी हमले में गिरफ्तार सभी छह आतंकियों की शनिवार को न्यायिक हिरासत समाप्त हो रही है। शनिवार को मोहम्मद नावेद, शौकत अहमद भट, खुर्शीद अहमद भट, शाबजार अहमद भट, फैयाज अहमद इट्टू और खुर्शीद अहमद भट को एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
चूंकि उनसे एनआईए तमाम पूछताछ कर चुकी है, इसलिए उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत कोट भलवाल जेल में फिलहाल भेजने की एनआईए अदालत से अपील करेगी।