जम्मू के राजोरी में स्कूल के बच्चों में मामूली बात को लेकर हुई लड़ाई देखते ही देखते खून खराबे में बदल गई। किसी बात को लेकर आर्मी गुडविल स्कूल के छात्रों में कल लड़ाई हो गई।
स्कूल के बाद ट्यूशन सेंटर पर करीब एक दर्जन छात्रों ने मिलकर एक छात्र की पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया। बताया जा रहा है कि छात्र के चेहरे पर चाकू से भी हमला किया गया है। उसके संवदेन शील अंगों पर लात घूंसों से वार किए गए।
छात्र के चेहरे पर ग्यारह टांके
घायल छात्र की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्र के चेहरे पर ग्यारह टांके लगे हैं। आरोपी छात्र और घायल छात्र एक ही कक्षा के बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हमले के तुरंत बाद सैन्य अधिकारी, स्कूल के प्रधानाचार्य और पुलिस अफसर भी पहुंचे।
छात्र का इलाज चल रहा है लेकिन अब तक उसे होश नहीं आया है, डॉक्टर्स का कहना है कि छात्र बेहोश है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ट्यूशन सेंटर के बाहर घेर लिया
जानकारी के मुताबिक दसवीं कक्षा के दो छात्रों में किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। नौबत दोनों में हाथापाई तक जा पहुंची।
बीचबचाव करते हुए कक्षा के ही एक अन्य छात्र ने दोनों का झगड़ा समाप्त करा दिया। स्कूल से छुट्टी होने के बाद जैसे ही झगड़ा छुड़ाने वाला छात्र ट्यूशन सेंटर पर पहुंचा, ट्यूशन सेंटर के बाहर ही करीब एक दर्जन छात्रों ने उसे घेर लिया।
घायल छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा
इस दौरान दो छात्रों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र के चहरे पर चाकू से वार किए गए।
गंभीर घायल होने के बाद छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर छात्र घटनास्थल से फरार हो गए।
एसएसपी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।